चटुआग आंगनबाड़ी केंद्र का चापानल व नल-जल खराब, पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण

चंदवा: Chandwa प्रखंड अंतर्गत कामता पंचायत के चटुआग गांव में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। गांव में लगे अधिकांश नल-जल योजना खराब पड़े हैं, वहीं आंगनबाड़ी केंद्र का चापानल भी महीनों से खराब रहने के कारण छोटे बच्चों, सेविका और सहायिका को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र में पोषाहार बनाने के लिए दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। सेविका एवं सहायिका बच्चों के लिए किसी तरह पानी का इंतजाम कर रही हैं। गर्मी बढ़ने के साथ गांव में पानी की समस्या और गंभीर हो गई है।
मामले को लेकर मुखिया Naresh Bhagat एवं पंचायत समिति सदस्य Ayub Khan ने गांव का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और खराब पड़े नल-जल योजनाओं एवं चापानलों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि चटुआग गांव में कुल 14 नल-जल योजनाओं में से 7 खराब पड़े हुए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि भेलवाही में परमेश्वर गंझु के घर के पास लगा नल-जल दो महीने से खराब है। वहीं लोथराबर टोला, डुमरखाड़, करमाही टोला, ठुठाबर और परहैया टोला में भी कई नल-जल योजनाएं एक से दो महीने से बंद पड़ी हैं।
जल सहिया मंजू देवी, परमेश्वर गंझु, लेचा गंझु, ननकेश्वर कुमार, दिवाली गंझु एवं बुधराम गंझु ने बताया कि गांव में पानी की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया है।
मुखिया नरेश भगत एवं पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने उपायुक्त Sandeep Kumar से खराब नल-जल योजनाओं एवं चापानलों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों और आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को राहत मिल सके।




