गायत्री परिवार की प्रांतीय गोष्ठी बोकारो में संपन्न, युग सृजेता शिविर में युवाओं को जोड़ने का आह्वान


बोकारो। प्रांतीय युग सृजेता शिविर की तैयारियों को लेकर झारखंड प्रदेश के सक्रिय कार्यकर्ताओं की प्रांतीय गोष्ठी गायत्री शक्तिपीठ, बोकारो में आयोजित हुई। आगामी 19 से 21 अप्रैल 2027 तक बोकारो में प्रस्तावित प्रांतीय युग सृजेता शिविर को सफल बनाने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ शांतिकुंज प्रतिनिधि श्री आशीष कुमार सिंह एवं झारखंड प्रांत के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सत्संकल्प पाठ के साथ गोष्ठी की शुरुआत हुई।
इस अवसर पर शांतिकुंज प्रतिनिधि श्री आशीष कुमार सिंह ने कहा कि पूरे देश में माताजी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में झारखंड प्रांत के कार्यकर्ता बोकारो में प्रस्तावित प्रांतीय युग सृजेता शिविर की तैयारी को लेकर प्रयाज गोष्ठी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। भारत की धरती ने सदैव ऐसे युवाओं को जन्म दिया है, जिन्होंने अपने ज्ञान, तप, त्याग और पुरुषार्थ से समाज एवं विश्व का मार्गदर्शन किया। वैदिक काल के ऋषियों से लेकर त्रेता के राम, लक्ष्मण, नल-नील, द्वापर के श्रीकृष्ण और बलराम तथा भगवान बुद्ध तक ने मानवता के लिए आदर्श प्रस्तुत किए।

उन्होंने कहा कि भारत के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए युवाओं को श्रेष्ठ आचरण वाला, शालीन, स्वावलंबी, सेवाभावी और व्यसनमुक्त बनाना होगा। प्रांतीय युग सृजेता शिविर का उद्देश्य युवाओं को जोड़ना, उन्हें प्रशिक्षित करना, उनके व्यक्तित्व को तराशना और राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना है।
श्री सिंह ने शिविर की सफलता के लिए प्रतिभावान कार्यकर्ताओं, समयदानियों और साधनसेवियों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारियां समझनी होंगी। आयोजक प्रतिभागी की भूमिका निभाएं और प्रतिभागी भी आयोजक बनकर व्यवस्था में सहयोग करें।
गोष्ठी में शिविर में आने वाले प्रतिभागियों का ऑनलाइन पंजीयन, जलकल समिति, स्वागत समिति, पंजीयन समिति सहित विभिन्न समितियों के गठन और उनकी जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम का संचालन श्री सच्चिदानंद सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन झारखंड प्रदेश महिला प्रकोष्ठ की समन्वयक डॉ. ललिता राणा ने किया।
गोष्ठी में मुख्य रूप से जोन सह समन्वयक श्री आजादी सिंह, बोकारो उपजोन समन्वयक श्री श्याम नंदन सिंह, रांची उपजोन के श्री दया शंकर पंडित, प्रांतीय युवा समन्वयक श्री संतोष कुमार राय तथा गायत्री शक्तिपीठ बोकारो के मुख्य प्रबंधक ट्रस्टी श्री विजय प्रसाद बर्णवाल उपस्थित रहे।
इसके अलावा झारखंड प्रांत के सभी 24 जिलों से आए जिला प्रतिनिधि, जिला युवा प्रतिनिधि, जिला महिला प्रतिनिधि, मुख्य प्रबंधक ट्रस्टी एवं विभिन्न ट्रस्टीगण सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के कार्यकर्ता मौजूद रहे। गोष्ठी में आगामी प्रांतीय युग सृजेता शिविर को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास और व्यापक जनभागीदारी पर जोर दिया गया।


