
बेरमो से खिरोधर राज की रिपोर्ट
फुसरो युवा व्यवसायी संघ के तत्वावधान में शुक्रवार को भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
प्रखंड प्रमुख गिरिजा देवी ने नवनिर्वाचित कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश राजा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं, प्रोजेक्ट ऑफिसर ए.के. तिवारी ने सचिव राकेश कुमार मालाकार को शपथ दिलाई। इसके बाद सीसीएल ढोरी के महाप्रबंधक राजीव कुमार सिंह ने अध्यक्ष वैभव चौरसिया को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह के पूर्व सांसद रवींद्र कुमार पांडेय, सीसीएल ढोरी के महाप्रबंधक राजीव कुमार सिंह, प्रोजेक्ट ऑफिसर ए.के. तिवारी, प्रखंड प्रमुख गिरिजा देवी एवं ढोरी सुरक्षा अधिकारी सुरेश सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी देवीदास ने सीसीएल ढोरी के महाप्रबंधक के समक्ष फुसरो बाजार की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाते हुए रोड सेल के माध्यम से कोयला आपूर्ति को बढ़ावा देने की मांग की। इस पर महाप्रबंधक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि सीसीएल कोयला उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करती रही है तथा बाजार और क्षेत्र के विकास के लिए जो भी संभव होगा, उसे प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।
मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रवींद्र कुमार पांडेय ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास में व्यवसायियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से बाजार हित में कार्य करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी समारोह में चार चांद लगा दिए। ग्रीन एकेडमी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित वीर गाथा की शानदार प्रस्तुति दी, जबकि छात्राओं ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर प्रेरणादायक नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी।
इस अवसर पर मुख्य चुनाव अधिकारी देवीदास, मुख्य उप चुनाव अधिकारी हाजी कलाम खान, डॉ. उषा सिंह, वार्ड पार्षद अर्चना सिंह, अरविंद वर्मा, ज्ञांति शर्मा, मंजूर हुसैन, राकेश जैन, संतोष भगत, मधुसूदन सिंह, अमन गुप्ता, बालेश्वर पांडेय, रोहित मित्तल, मिथिलेश शर्मा, राजू चटर्जी, विजय सिंह, प्रमोद सिंह, गिरिराज गिरी, गोपी देव कुमार, सोनू सहित सैकड़ों व्यवसायी एवं दुकानदार उपस्थित थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता देवीदास ने की, जबकि मंच संचालन हाजी कलाम खान एवं गुड्डू कुमार ने संयुक्त रूप से किया।




