सीसीएल प्रबंधन के आश्वासन पर टला विस्थापितों का आंदोलन, 16 जुलाई से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना स्थगित

बेरमो। सीसीएल बीएंडके क्षेत्र के करगली ऑफिसर्स क्लब में बुधवार को कारो ओपनकास्ट परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों एवं विस्थापित प्रभावित संघ, चरकपनिया के प्रतिनिधियों की प्रबंधन के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी महाप्रबंधक सह कारो परियोजना पदाधिकारी सुधीर कुमार सिन्हा ने की। बैठक में संघ की 14 सूत्री मांगों पर सकारात्मक पहल एवं चरणबद्ध कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद 16 जुलाई से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया।
संघ के नेता फूलचंद किस्कू ने बताया कि 8 जुलाई को सीसीएल प्रबंधन को 14 सूत्री मांग पत्र सौंपते हुए सात दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। बुधवार को हुई वार्ता में प्रबंधन ने सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद संगठन ने आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया।
हालांकि संघ ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय-सीमा के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन पुनः शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सीसीएल प्रबंधन की होगी।
ये हैं प्रमुख मांगें
संघ की प्रमुख मांगों में भूमि अधिग्रहण के बदले रोजगार, उचित मुआवजा एवं पुनर्वास, स्थानीय बेरोजगार युवाओं को नियोजन में प्राथमिकता, विस्थापितों के बच्चों के लिए सीसीएल विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा, सीसीएल अस्पताल में मुफ्त इलाज, भूमि एवं वंशावली सत्यापन, टेंडरों में स्थानीय विस्थापितों को प्राथमिकता, भारी ब्लास्टिंग से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था, भूमिगत खनन को प्राथमिकता तथा कारो माइंस के नियोजन से पहले ग्रामसभा की सहमति सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
बैठक में प्रबंधन की ओर से भू-राजस्व अधिकारी शंकर झा, एसओपी विनय रंजन टुडू, एरिया सिक्योरिटी ऑफिसर पी.एन. सिंह, नोडल ऑफिसर कारो मनीष महेश्वरी, पर्यावरण अधिकारी विनय अंचल, कारो मैनेजर चितांमणि मांझी एवं वरिष्ठ एचआर अधिकारी दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
वहीं संघ की ओर से वर्षा सोरेन, दिनेश किस्कू, मदन सोरेन, मंगल टुडू, सेवालाल किस्कू, मदन बेसरा, मनोज सोरेन, फूलचंद हांसदा, सचिन कुमार महतो, ललन कुमार, शनिचर सोरेन, मुकेश हेंब्रम, हेमलाल मुर्मू समेत बड़ी संख्या में विस्थापित ग्रामीण बैठक में शामिल हुए।




