hi Hindi en English ur Urdu
प्रदेश

आदिम जनजाति परहैया टोला में पंचायत समिति सदस्य का रात्रि पड़ाव, डीएमएफटी से विकास कार्य कराने की मांग

चंदवा। कामता पंचायत के चटुआग स्थित आदिम जनजाति (पीवीटीजी) परहैया टोला के सर्वांगीण विकास की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने रविवार रात ग्रामीणों के साथ स्कूल परिसर में रात्रि पड़ाव किया। इस दौरान उन्होंने गांव का भ्रमण कर परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने बताया कि आज भी गांव मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।

ग्रामीण जेठनी देवी और राजू परहैया ने बताया कि उनका घर जर्जर हो चुका है और वे वर्षों से रिश्तेदार के घर रहने को मजबूर हैं। आवास नहीं होने के कारण वे अपने बालिग बेटे और बेटी की शादी भी नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना है कि हर माता-पिता का सपना बच्चों की शादी देखना होता है, लेकिन गरीबी और आवास की कमी के कारण यह सपना अधूरा रह गया है।

दूषित पानी पीने को मजबूर, बिजली और सड़क की भी समस्या

ग्रामीणों ने बताया कि कई परिवार आज भी नदी किनारे बने चुआं से दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। गांव में नल-जल योजना का लाभ सभी घरों तक नहीं पहुंचा है। कई घरों तक बिजली के पोल भी नहीं पहुंचे हैं, जिससे लोगों को अंधेरे में जीवन बिताना पड़ रहा है।

जोखिम भरे रास्ते से स्कूल जाते हैं बच्चे

उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय परहैया टोला जाने वाला रास्ता पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क के दोनों ओर झाड़ियां उग आई हैं और बीच में नाला होने के बावजूद पुल नहीं है। छात्र-छात्राएं जान जोखिम में डालकर नाला पार कर स्कूल पहुंचते हैं। ग्रामीणों के अनुसार कई बार बच्चों का जहरीले सांपों से भी सामना हो चुका है।

एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंचती

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण 108 एम्बुलेंस गांव तक नहीं आती। मरीजों को खाट या डोली के सहारे मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता।

सरकारी योजनाओं से वंचित दर्जनों परिवार

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कई परिवार आज भी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। रोजगार के अभाव में लगभग 80 प्रतिशत आदिम जनजाति परिवारों को दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है।

डीएमएफटी मद से विकास कार्य कराने की मांग

पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने मांग की कि परहैया टोला में विशेष शिविर लगाकर आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना, पेंशन, राशन कार्ड एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ ऑन-द-स्पॉट उपलब्ध कराया जाए। साथ ही बिजली, पेयजल और सड़क की समस्या का समाधान करते हुए डीएमएफटी मद से सड़क निर्माण कराया जाए ताकि गांव के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।

रात्रि पड़ाव कार्यक्रम में दसवा परहैया, राजकुमार परहैया, सुरेंद्र परहैया, विजय परहैया, सनीका मुंडा, बुधराम बारला, अंकित परहैया, गबरेल मुंडा, ललु परहैया, कुसूम परहैया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

NAZAR AAP TAK

आपकी समुदाय से जुड़ी हर खबर हमें भेजें हम उसे प्रमुखता देते हुए मूल्यांकन करके प्रकाशित करेंगें। मेरा व्हाट्सएप नंबर 8674868359 पर संपर्क करें, धन्यवाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eight − 4 =

Back to top button