
नावाडीह/बोकारो: बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड अंतर्गत चपरी पंचायत में मंगलवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कुएं पर नहाने गई एक विवाहिता की गांव के ही युवक ने चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि आरोपी फरार बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, चपरी पंचायत के मोदी टोला निवासी प्रभुदेव मुंडा की पत्नी पूनम कुमारी (23) मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ मोदी टोला और जमुनिया डहर के बीच स्थित कुएं पर नहाने गई थी। इसी दौरान गांव के ही जमुनिया डहर टोला निवासी मित्तन महतो का पुत्र पिंटू कुमार महतो (24) वहां पहुंचा और अचानक महिला पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने चाकू से महिला का गला रेत दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद अन्य महिलाओं ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भागने में सफल रहा। घटना के बाद आसपास के लोग जुट गए और घायल महिला को तत्काल नावाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना पुलिस हरकत में आई। एसआई राजीव रंजन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है तथा मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
बताया जाता है कि मृतका का पति परदेश में काम करता है। वह 14 मई को होने वाले अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए दो दिन पहले ही घर लौटा था। मृतका अपने पीछे तीन वर्षीय बेटी को छोड़ गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




