
चपरी के समीप भीषण सड़क हादसा: ट्रक और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत
नावाडीह (बोकारो): नावाडीह थाना क्षेत्र के चपरी स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप फुसरो–डुमरी मुख्य मार्ग पर मंगलवार को ट्रक और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या JH05DS3225 और मोटरसाइकिल संख्या JH09BM2117 के बीच जोरदार टक्कर हुई। मोटरसाइकिल पर दो युवक सवार थे।
हादसे में नावाडीह निवासी कार्तिक महतो के 22 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार महतो की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कटघरा निवासी स्वर्गीय शंभू महतो के 18 वर्षीय पुत्र पवन महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल नावाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक एवं मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। दोनों मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे नावाडीह एवं आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
रिपोर्ट: खिरोधर राज




