चोरी-डकैती की बढ़ती घटनाओं के विरोध में जेएलकेएम का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
नावाडीह थाना परिसर में प्रदर्शन, अपराध पर रोक और सुरक्षा का मांग

नावाडीह:बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी एवं डकैती की घटनाओं के विरोध में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) नावाडीह प्रखंड इकाई की ओर से सोमवार को नावाडीह थाना परिसर में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल प्रभाव से अंकुश लगाने की मांग की। धरना के माध्यम से चोरी एवं डकैती की घटनाओं में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।
जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। पुलिस प्रशासन को सक्रिय होकर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना कायम हो सके।
धरना स्थल पर संगठन के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।




