झारखंड में हुआ मंत्रालयों का बंटवारा, हेमंत सोरेन ने अपने पास रखे अहम विभाग

admin
admin  - NAZAR AAP TAK NEWS
5 Min Read

रांची(झारखंड ): मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्यों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया। पिछली सरकार में जो विभाग आईएनडीआईए के घटक दलों के पास थे, वही विभाग इस बार भी उनके खाते में ही रहे। अलबत्ता मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किया गया है। विभागों के बंटवारा होने के बाद कई मंत्रियों ने कामकाज संभाल लिया।सभी मंत्री कैबिनेट की बैठक में भी सम्मिलित हुए। विभागों के बंटवारे में मुख्यमंत्री ने कार्मिक, गृह, पथ निर्माण, भवन निर्माण तथा मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी (संसदीय कार्य को छोड़कर) विभाग को अपने पास रखा। साथ ही वे सभी विभाग भी उनके पास रहेंगे, जो अन्य मंत्रियों को आवंटित नहीं किए गए हैं।जैसा कि संभावना व्यक्त की जा रही थी, राधाकृष्ण किशोर को योजना एवं वित्त विभाग, वाणिज्यकर तथा संसदीय कार्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। पिछली सरकार में मंत्री रहे इरफान अंसारी को इस बार स्वास्थ्य तथा खाद्य आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण विभाग मिले हैं।सुदिव्य कुमार सोनू को नगर विकास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा पर्यटन एवं कला संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। रामदास सोरेन को स्कूली शिक्षा एवं निबंधन विभाग मिला है। दीपिका को ग्रामीण विकास की जिम्मेदारी मिली है। पिछली सरकार में मंत्री रहे दीपक बिरूवा का विभाग बदलकर इस बार राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग का मंत्री बनाया गया है।

योगेंद्र प्रसाद को पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध, चमरा लिंडा को कल्याण विभाग, हफीजुल हसन को जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण तथा शिल्पी नेहा तिर्की को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग मिला है। पिछली सरकार में मंत्री रहे सत्यानंद भोक्ता के विभाग श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण तथा उद्योग विभाग राजद कोटे से इस बार मंत्री बने संजय प्रसाद यादव को मिला है।दीपक बिरुवा को राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, परिवहन विभाग।

चमरा लिंडा को अनुसूचित जनजाति अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग।

संजय प्रसाद यादव को श्रम नियोजन प्रशिक्षण कौशल विकास विभाग एवं उद्योग विभाग।

रामदास सोरेन को स्कूली अच्छा एवं साक्षरता विभाग और निबंधन विभाग।

इरफान अंसारी को स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सार्वजनिक वितरण उपभोक्ता मामले विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग।

हफीजुल हसन को जल संसाधन विभाग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग।

दीपिका पांडेय सिंह को ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज विभाग।

योगेंद्र प्रसाद को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग।

सुदिव्य कुमार को नगर विकास एवं आवास उच्च एवं तकनीकी शिक्षा पर्यटन कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग।

शिल्पी नेहा तिर्की को कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग।

संतुलित और समावेशी मंत्रिमंडल

राज्य की बहुप्रतीक्षित हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल ने आखिरकार गुरुवार को अपना आकार ले लिया। मुख्यमंत्री ने अपने पहले ही मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्रियों का पूरा पद भर दिया। इससे पूर्व की सरकार में काफी लंबे समय तक 12वें मंत्री की नियुक्ति नहीं हो सकी थी। इसे लेकर लगातार सवाल उठते रहे थे। वहीं सभी मंत्री पद भरना पूर्ण बहुमत के साथ मिले आत्मविश्वास को बता जा रहा है, मंत्रिमंडल में लगभग सभी प्रमंडलों को साधने का प्रयास किया गया है। नए व पुराने चेहरे का समान सम्मिश्रण रखा गया है।

पांच नए चेहरे में युवा को भी स्थान दिया गया है, वहीं पूर्व में मंत्री रह चुके छह लोगों के अनुभव का लाभ लेते हुए उन्हें भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। नए लोगों के ऊर्जा व जोश के साथ पुराने लोगों के अनुभव के साथ सरकार ठीक से विकास की पटरी पर दौड़े। इसका प्रयास दिखता है। पहली बार मंत्री बनने वालों में झामुमो के लंबे समय तक विधायक रहे व लगभग किसी बड़े अवसरों पर मतदान के दौरान विवादों में घिर जाने वाले चमरा लिंडा को भी मंत्री पद से नवाजा गया है।

यह एक रणनीतिक दूरदृष्टि भी हो सकती है। लगभग सभी प्रमंडल को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। संताल को सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व दिया गया है। चार मंत्री बनाए गए हैं। अब जरूरत है कि जितने वादे व योजनाओं की घोषणा की गई थी, वह राज्य की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाए। राजस्व बढ़ाने के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं पर जोर दिया जाए। उम्मीद की जानी चाहिए की नए मंत्री राज्य के लोगों की आकांक्षाओं व उम्मीदों को ईमानदारीपूर्वक पूरा करेंगे।

Share this Article
Leave a comment