
नजर आप तक, ब्यूरो
बोकारो: आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति की ओर से ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कृषक पाठशाला परिसर, नावाडीह में 50 बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों के बीच कंबल का वितरण किया गया। कंबल वितरण कार्यक्रम समाजसेवी श्री जयनारायण महतो एवं समिति के सचिव श्री बासुदेव शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर समाजसेवी जयनारायण महतो ने कहा कि आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति सदैव जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सेवा के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने कहा कि बढ़ती ठंड को देखते हुए गरीब एवं बुजुर्ग लोगों को समय पर कंबल उपलब्ध कराना एक सराहनीय एवं मानवतापूर्ण कार्य है। कड़ाके की ठंड में असहायों की सेवा करना ही सच्ची मानवता की सेवा है।
वहीं समिति के सचिव बासुदेव शर्मा ने कहा कि संस्था समाज के जरूरतमंद वर्गों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। मानव सेवा ही परम धर्म है। उन्होंने जानकारी दी कि समिति द्वारा कुल 50 बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों के बीच कंबल का वितरण किया गया है।
उन्होंने आगे बताया कि आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति द्वारा शीघ्र ही नावाडीह में वृद्ध आश्रम का संचालन प्रारंभ किया जाएगा, जहां जरूरतमंद 25 बुजुर्गों को निःशुल्क भोजन, आवास एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में अनवर अंसारी, उदय साव, बाबूलाल नायक, आशीष मिश्रा, अरुण कुमार, अजय शर्मा, लखन महतो, दसरथ ठाकुर, पूर्व पंचायत समिति सदस्य किरण देवी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।



