
डुमरी (गिरिडीह) : डुमरी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मधगोपाली पंचायत के महुआ टाँड़ निवासी महेन्द्र महतो की धर्मपत्नी लक्ष्मी देवी अपने घर से दोपहिया वाहन से ईसरी बाजार जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस दर्दनाक हादसे में उनके साथ सवार 9 वर्षीय मासूम बच्चे की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक बच्ची एवं उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी विधानसभा प्रभारी यशोदा देवी रेफरल अस्पताल डुमरी पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने हर संभव सहायता का आश्वासन देते हुए सरकार से उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान मधगोपाली पंचायत के मुखिया जागेश्वर महतो, सांसद प्रतिनिधि पिन्टु कुमार, विधायक प्रतिनिधि सुजीत कुमार एवं आजसू नेता मोहन महतो भी मौजूद रहे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अज्ञात वाहन की जल्द पहचान कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।



